आयकर अधिकारियों के नाम पर 26 लाख रूपये की रिश्वत लेने के आरोप में लुधियाना का सीए अंकुश सरीन गिरफ्तार

चंडीगढ़ | पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने चंडीगढ़ में आयकर विभाग के अधिकारियों को देने के नाम पर 26 लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप में लुधियाना के चार्टर्ड अकाऊंटैंट (सी.ए.) अंकुश सरीन को गिरफ्तार किया है। विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि प्राइवेट तौर पर प्रैक्टिस कर रहे उक्त सी.ए. के विरुद्ध मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर दर्ज करवाई ऑनलाइन शिकायत की जांच के बाद मुकद्दमा दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता परमिंद्र सिंह सिद्धू निवासी गांव मलसियां जिला लुधियाना ने आरोप लगाया कि उक्त सी.ए. ने अमरीका में रहते उसके रिश्तेदार को आयकर रिटर्न के संबंध में जारी हुए एक नोटिस को रफा-दफा करने के ऐवज में रिश्वत हासिल की। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने आयकर अधिकारियों को रिश्वत देने की कहकर 26 लाख रुपए 2 किस्तों में वसूले। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसने 15 जनवरी 2023 को 25 लाख रुपए नकद उक्त सी.ए. को उसकी रिहायश पर सौंपे और वीडियो भी बनाई। इसके बाद सी.ए. अंकुश सरीन ने 26 जनवरी 2023 को शिकायतकर्ता से आयकर विभाग के जूनियर अधिकारियों के लिए 1 लाख रुपए और ले लिए।
प्रवक्ता के मुताबिक आयकर विभाग से पूछताछ के दौरान शिकायतकर्ता को पता लगा कि विभाग की तरफ से यह नोटिस अभी भी बरकरार है और रद्द नहीं किया गया है। इस तरह शिकायतकर्ता को यह पता लग गया कि उक्त सी.ए. ने आयकर अधिकारियों के नाम पर भारी जुर्माना लगने का डर दिखाकर यह रिश्वत वसूली है, जो उसने किसी को भी आगे नहीं दी। शिकायतकर्ता ने उक्त सी.ए. से उसके पैसे वापस करने के लिए कहा तो सी.ए. ने पैसे वापस नहीं किए।
प्रवक्ता ने कहा कि लुधियाना रेंज की विजीलैंस यूनिट ने इस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की और भारी जुर्माने का डर दिखाकर रिश्वत की रकम वसूलने में तथ्य पाए जाने के बाद उक्त सी.ए. के विरुद्ध विजीलैंस ब्यूरो के थाना लुधियाना में भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया है और मामले की आगे जांच जारी है।