भाजपा-जजपा सरकार कर रही है हरियाणा का बेडा गर्क : जसबीर मलौर

कांग्रेसी नेता ने जनसभाओं में सरकार को लिया आड़े हाथ
अम्बाला छावनी (अम्बाला) 12 मार्च : पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि जसबीर मलौर ने भाजपा-जजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों की जमकर आलोचना की और हरियाणा की दयनीय हालत के लिए वर्तमान सरकार को जिम्मेवार बताया | मलौर ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा-जजपा सरकार की झूठ और फरेब की राजनीति को हरियाणा की जनता अब समझ चुकी है । मुख्यमंत्री के तानाशाही रवैया के चलते प्रदेश में हर वर्ग का व्यक्ति धरने और प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा है | सरकार के तुगलकी फैसलों से प्रदेश विकास के मामले में आगे चलने की बजाए निरंतर पिछड़ता जा रहा है। पूर्व विधायक कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत गांव अमीपुर, मस्तंपुर, महमूदपुर सहित अन्य गांवों में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। बताना जरुरी है कि कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस द्वारा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान आरंभ किया गया है। जसबीर मलौर ने इन कार्यक्रमों में कार्यकर्त्ताओं व गांववासियों को राहुल गांधी का संदेश दिया और हरियाणा कांग्रेस द्वारा सत्ता में आने पर लागू किए जाने वाले संकल्प पत्र की जानकारी भी दी।

मलौर ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अम्बाला सहित प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप्प पड़े है । कांग्रेस कार्यकाल में आरंभ की गई विकास परियोजनाएं तक अधूरी पड़ी है और भाजपा की सरकार आने पर घोषित की गई विकास परियोजनाओं का स्टेटस तो पता ही नहीं है | बिना किसी का नाम लिए जसबीर ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सरकार बनने के बाद करोड़ों की सम्पत्ति के मालिक विकास के नाम पर जारी होने वाली राशि मंत्रियों और विधायकों की जेब में जा रही है। सरकार सी.बी.आई. और ई.डी. का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। जबकि भ्रष्टाचार में आकर डूबे भाजपा के मंत्रियों और विधायकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। मलौर ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले जो भाजपा कार्यकर्त्ता करोड़ों रुपए के कर्जदार थे आज वे अरबों रुपए की संपत्ति के मालिक है। क्या सरकार अपने विधायकों, सांसदों और मंत्रियों की संपत्ति की जांच भी सी.बी.आई. से करवाएगी।मलौर ने कहा कि आम व्यक्ति जहां महंगाई से त्रस्त है तो कर्मचारी, व्यापारी, जनप्रतिनिधि, किसान, उद्योगपति अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर धरने प्रदर्शन करने को मजबूर है। बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ का प्रचार करने वाली सरकार में प्रदेश बच्चियों और महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाएं आम हो चुकी हैं।सरकार दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है। भाजपा के मंत्रियों पर छेड़छाड़ के आरोप लग रहे हैं और सरकार ऐसे मंत्रियों पर कार्रवाई करने की बजाय उन्हें बचाने में लगी है।
जसबीर मलौर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की मंशा के अनुरूप पूरे अधिकार दिए जाएंगे। वृद्धावस्था पैंशन 6000 रुपए प्रति मास दी जाएगी। गैस सिलैंडर राजस्थान सरकार की तर्ज पर 500 रुपए, ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने सहित मकान से वंचित लोगों को 100-100 गज के प्लॉट उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस मौके पर मस्तपुर से जसबीर सिंह, शिंपू शर्मा, रमेश बसंल, अमरजीत सिंह, सत्तू सहित अन्य मौजूद रहे।